शॉर्ट सर्किट से जलीं मंदिर परिसर की दुकानें, नुकसान का सर्वे कर राहत देने के निर्देश

___________________________________________


निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने अधिकारियों के साथ अछरू माता मंदिर परिसर पहुंचकर आगजनी की घटना का निरीक्षण किया तथा प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार बीती रात शॉर्ट सर्किट के कारण मंदिर परिसर स्थित दुकानों में आग लग गई थी। आगजनी की घटना में प्रसाद, पूजन सामग्री एवं अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और एसडीएम एवं तहसीलदार को नुकसान का आंकलन कर तत्काल राहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मंदिर परिसर की विद्युत वायरिंग की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, तहसीलदार श्री शुभम मिश्रा एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।