

निवाड़ी। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं विकास कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने गुरुवार को ओरछा स्थित रेलवे अंडरपास ब्रिज के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तत्काल अतिरिक्त श्रमिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि अंडरपास निर्माण में हो रही देरी के कारण आम नागरिकों एवं पर्यटकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि काम में तेजी के साथ गुणवत्ता मानकों का भी पूर्ण रूप से पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर घटिया निर्माण सामग्री अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की प्रगति की मॉनिटरिंग करने एवं नियमित समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण हों, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

