चलती मोटरसाइकिल में लगी आग, देखते ही देखते जलकर खाक


निवाड़ी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गई।
मोटरसाइकिल मालिक राजू रजक ने बताया कि वह करैरा का निवासी है और मजदूरी का कार्य करता है। वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 33 MQ 1701 से ग्राम लड़वारी से मजदूरी कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान कोतवाली थाने के पास अचानक चलती बाइक में आग लग गई।
राजू रजक ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वह सफल नहीं हो सका। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।