

नवीन चेक डैम निर्माण से 120 हेक्टेयर खेतों को मिलेगा सिंचाई का पानी
___________________________________________
निवाड़ी जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत मंडोर के नाले पर डेवलेपमेंट अल्टरनेटिव्स ताराग्राम संस्थान ओरछा द्वारा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स (DA) एवं ग्राम पंचायत मंडोर के संयुक्त तत्वावधान में सामे नाला मजरा पर श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समुदाय, पंचायत प्रतिनिधियों और किसानों ने मिलकर नाला पुनरुद्धार एवं नवीन चेक डैम निर्माण में श्रमदान किया। ग्राम पंचायत मंडोर के सरपंच श्री भगवत सिंह यादव ने कहा कि मंडोर नाला हम सभी ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा है। यह नाला सीधे तौर पर 100 से 120 हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए प्राकृतिक जलाशय का काम करता है। इसके आसपास के 10 से 15 कुएं और हैंडपंप भी इसी नाले से रिचार्ज होते हैं। उन्होंने आगे बताया कि डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स ताराग्राम संस्थान द्वारा नवीन चेकडैम बनने से रबी फसल के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिलेगा। साथ ही आसपास के सभी जल स्रोतों में जल स्तर बना रहेगा, जिससे गर्मी के महीनों में भी जल संकट नहीं होगा।
चेकडैम बनने से किसानों को होगा सीधा लाभ स्थानीय किसानों ने बताया कि हर साल रबी सीजन में पानी की कमी के कारण गेहूं, चना जैसी फसलों की पैदावार प्रभावित होती थी। चेकडैम बनने से नाले में लंबे समय तक पानी रुकेगा और भूजल स्तर बढ़ेगा। इससे न केवल सिंचाई के लिए पानी मिलेगा, बल्कि पशुओं के लिए भी सालभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
DA टीम का योगदान
डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स टीम ने बताया कि संस्था जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बुंदेलखंड क्षेत्र में परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण और नई जल संरचनाओं के निर्माण पर लगातार काम कर रही है। मंडोर सामे नाले पर निर्माण किया जाएगा यह चेक डैम स्थानीय समुदायkeलिए बहुत ही उपयोगी साबित होगा श्रमदान के माध्यम से ग्रामीणों में जल के प्रति स्वामित्व की भावना भी मजबूत होती है।
समुदाय की भागीदारी बनी मिसाल
कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। DA ने कहा कि शासन और संस्थाओं के साथ मिलकर जब समुदाय खुद आगे आता है तो जल संकट जैसी बड़ी समस्या का समाधान आसानी से हो जाता है।
जल संरक्षण की शपथ
कार्यक्रम के दौरान में DA टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणजनों को जल संरक्षण, प्राकृतिक जल स्रोतों की निगरानी और उन्हें स्वच्छ बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। टीम ने ग्रामीणों को वर्षा जल के हर बूंद को सहेजने और भूजल रिचार्ज के महत्व के बारे में जागरूक किया।
जिसमें डेवलेपमेंट अल्टरनेटिव्स ताराग्राम संस्थान ओरछा से देवेन्द्र सोनी , रोहित नापित, अनिल शर्मा, कृष्णपाल, एवं ग्राम पंचायत सरपंच श्री भगवत सिंह यादव और ग्रामीण जन ओमप्रकाश यादव ,मंगल यादव, विमलेश यादव, रामू यादव, उमेश यादव अखिलेश अहिरवार, सुंदर यादव सुंदरम आदि उपस्थित रहे।
