

निवाड़ी। आयुष पद्धति के प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालनालय आयुष भोपाल एवं कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में शासकीय आयुर्वेद औषधालय एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर लड़वारी द्वारा ग्राम टुगारा में निःशुल्क आयुष शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में 51 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक औषधियां वितरित की गईं। इस दौरान स्त्री रोग, वात रोग, उदर रोग, चर्म रोग, कास रोग सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार किया गया। साथ ही मरीजों की बीपी एवं शुगर की जांच भी की गई।
चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को आहार-विहार, वर्तमान ग्रीष्म ऋतु में होने वाले रोगों एवं लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कुपोषण दूर करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले विश्व योग दिवस को ध्यान में रखते हुए लोगों को प्रतिदिन योग करने की सलाह भी दी गई।
शिविर में डॉ. कौशल किशोर प्रजापति आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, डॉ. रिंकू गुप्ता सामुदायिक आयुष चिकित्सा अधिकारी, कम्पाउंडर संतोष कुमार चौरसिया, दवसाज शंकर लाल कोरी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
