___________________________________________


निवाड़ी। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण, जल गंगा संवर्धन अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जनसुनवाई एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने तथा समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।
जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान पर जोर
जिले में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जल स्रोतों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं जल संरक्षण संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। स्वच्छता अभियान के तहत नालियों की सफाई एवं विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शासकीय विद्यालयों में समय रहते रंग-रोगन कराया जाए तथा परिसर में सघन पौधारोपण अभियान चलाया जाए। नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों के नामांकन प्रतिशत को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
कुपोषण मुक्ति एवं योजनाओं की समीक्षा
बैठक में जिले के कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण सुधार के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं क्षीरधारा योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ पहुंचाया जाए।
निर्माणाधीन गौशालाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने उपार्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल एवं बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर किसानों से संवाद करने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने को कहा गया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बैठक में आगामी जनगणना कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही या देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय-सीमा में लक्ष्य पूरे न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसडीएम अशोक कुमार सेन, सुश्री मनीषा जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह, तहसीलदार, सीएमओ, सीएमएचओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
