निवाड़ी। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद की निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत बुधवार को जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला मुख्यालय स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सतीश गुप्ता की देखरेख में संपन्न कराई गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होना था, लेकिन प्रारंभिक व्यवस्थाओं के चलते प्रक्रिया लगभग 35 मिनट की देरी से प्रारंभ हो सकी। मतदान के शुरुआती दौर में अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला, जबकि दोपहर बाद मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी रही।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव में प्रदेशभर से 122 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से वरीयता क्रम के आधार पर 23 सदस्यों का चयन किया जाना है। निवाड़ी जिला मुख्यालय पर कुल 204 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 165 अधिवक्ताओं ने मतदान किया।
मतदान के दौरान प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं द्वारा मतदाताओं से अपने-अपने प्रत्याशियों को प्रथम वरीयता देने की अपील की जाती रही। वहीं मतदान केंद्र पर मोबाइल ले जाने की अनुमति होने के कारण कई मतदाताओं द्वारा फोटोग्राफी भी की गई तथा कुछ मतदाताओं ने मतपत्रों की तस्वीरें भी खींचीं।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष शील प्रकाश रावत एवं सचिव अनुराग नायक ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली, जिसमें कुल 165 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्ति के बाद सभी मतपत्रों को सुरक्षित रूप से सीलबंद कर जबलपुर भेजा गया, जहां प्रदेशभर के मतपत्रों की मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।