

विधायक अनिल जैन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल एवं अन्य संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील की गई है। इसी क्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी लगातार ईंधन बचत और सादगी का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और संभावित आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए नागरिकों को भी ईंधन की बचत के प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर आवागमन के लिए ई-रिक्शा और ई-बाइक जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें तथा लंबी दूरी की यात्रा के लिए सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। इससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि भगवान श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का कार्यक्रम स्थल मुख्य स्थान से लगभग तीन किलोमीटर दूर था। ऐसे में विधायक अनिल जैन सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने भी ई-रिक्शा का उपयोग कर ईंधन बचत का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरंजना जैन, श्री मती रजनी राय सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
