
पुलिस अधीक्षक ने घोषित किया था ₹5 हजार का इनाम
___________________________________________
निवाड़ी। जिले में चलाए जा रहे अभियान मुस्कान के तहत थाना पृथ्वीपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बालिका की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5 हजार की इनाम राशि भी घोषित की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पृथ्वीपुर में 2 मई 2026 को फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पृथ्वीपुर में अपराध क्रमांक 223/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर अपहर्ता एवं बालिका की तलाश मोहनगढ़, झांसी, दतिया सहित आसपास के क्षेत्रों में की गई। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों के बाद 17 मई 2026 को पुलिस टीम ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पृथ्वीपुर के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक हरिओम प्रजापति, आरक्षक गब्बर मांझी, साइबर टीम के आरक्षक विशाल सोनी एवं रविंद्र यादव, महिला आरक्षक प्रियंका अहिरवार तथा नगर रक्षा समिति की भावना श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।
