संगठन मजबूती और कार्यकर्ता विकास पर रहा विशेष फोकस


भारतीय जनता पार्टी जिला निवाड़ी द्वारा “पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान-2026” के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन ओरछा में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् एवं वर्ग गीत के साथ किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यपद्धति, विचार परिवार, बूथ प्रबंधन, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन, संगठन ऐप तथा देश के समक्ष राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों सहित विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ वक्ताओं ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा एवं संगठन सशक्तिकरण के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ता विकास तथा जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
11 सत्रों में दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कुल 11 सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में चंबल संभाग प्रभारी अभय यादव ने “गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर संबोधित किया। दूसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक ने व्यवहारिक विषयों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि तीसरे सत्र में सागर संभाग सह प्रभारी सत्यानंद गौतम ने संगठन की कार्य पद्धति पर प्रकाश डाला।
इसके अलावा जाहर सिंह ने राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों, अनुराग प्यासी ने विचार परिवार, सांसद राहुल सिंह ने भाजपा के इतिहास एवं विकास, तथा अभिषेक भार्गव ने बूथ प्रबंधन एवं स्थायी कार्यक्रमों पर अपने विचार रखे। विधायक अनिल जैन, डॉ. दीपक सिंह भदौरिया, सोशल मीडिया प्रभारी प्रतीक सराठी एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राजोरिया ने भी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
प्रदर्शनी का हुआ अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन भी किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, जिला प्रभारी डॉ. दीपक भदौरिया, पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. नंदकिशोर नापित, जिला महामंत्री कमलेश जैन, मंगेश रमपुरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समापन सत्र में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार ने कार्यकर्ताओं से संगठन हित में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। अंत में जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्रगान के साथ प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ।