जलभराव रोकने के लिए किया जाएगा मरम्मत व सीपेज रोकने का कार्य, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
___________________________________________
निवाड़ी, 20 मई 2026। झांसी-महोबा मार्ग (NH-39) से ओरछा जाने वाले रास्ते पर स्थित ओरछा रेलवे स्टेशन के समीप अंडरपास मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर 5 जून 2026 तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय अंडरपास की सड़क सतह पर मरम्मत एवं सीपेज (पानी रिसाव) रोकने के कार्य को पूरा कराने के लिए लिया गया है, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए 20 मई 2026 से 05 जून 2026 तक इस मार्ग से सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बताया गया है कि इससे पहले भी 25 अप्रैल 2026 से 19 मई 2026 तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई थी। कार्यालय मंडल रेल प्रबंधक (कार्य) झांसी द्वारा 13 मई 2026 को भेजे गए पत्र में अंडरपास पर सीपेज रोकने एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए मार्ग को 05 जून तक बंद रखने का अनुरोध किया गया था।
प्रशासन ने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा कराना जनहित में आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक निवाड़ी से प्राप्त अभिमत के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने आम जनता एवं भारी वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि असुविधा से बचने के लिए इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
