


निवाड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” के अंतर्गत गंगा दशहरा पर्व पर निवाड़ी जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। ओरछा स्थित कंचना घाट पर मां बेतवा की भव्य महाआरती एवं चुनरी अर्पण कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मां बेतवा को 400 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश देते हुए कहा कि “वृक्ष धरती मां के गहने हैं, इन्हें बचाकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि जल स्रोत हमारी अमूल्य धरोहर हैं और उनका संरक्षण जनसहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की बच्चों की तरह देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तालाब, नदी एवं कुओं के किनारे सघन पौधरोपण किया जाना चाहिए, जिससे भू-जल स्तर बढ़े और पर्यावरण संतुलन बना रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण विषय पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य-नाटिका एवं गीतों के माध्यम से “जल है तो कल है” और “जल ही जीवन है” का संदेश देकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल यादव, नगर परिषद ओरछा अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत, अनिल पाण्डे, संजय नकीब, प्रदीप राय, मंगेश रमपुरया, एसडीएम अशोक कुमार सेन, तहसीलदार सुनील वाल्मीकि, सीएमओ रामस्वरूप पटेरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
