
निवाड़ी। जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सरिता अग्रवाल ने पृथ्वीपुर एवं बिरोरा खेत स्थित गेहूं उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं खरीदी प्रक्रिया का अवलोकन किया।
श्रीमती अग्रवाल ने केंद्रों पर पेयजल, छाया एवं बैठने की व्यवस्था के साथ टोकन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने नमी मापक यंत्र, तौल कांटा तथा बारदाने की उपलब्धता की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों से शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर ही गेहूं खरीदा जाए तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।
उन्होंने केंद्रों पर मौजूद किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि किसान साफ-सुथरा एवं सूखा गेहूं ही उपार्जन केंद्र पर लेकर आएं, ताकि नमी अधिक होने के कारण उपज अमान्य न हो।
निरीक्षण के समय उपार्जन केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।
