निवाड़ी। नगर के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 के निवासियों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में चौथी बार आवेदन देकर चंदेलकालीन शासकीय बांध को क्षतिग्रस्त कर अवैध रूप से मुरम और बालू खनन किए जाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
वार्डवासियों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 14 हर्षमऊ स्थित खसरा नंबर 618 रकबा 0.894 हेक्टेयर में स्थित प्राचीन शासकीय बांध को क्षतिग्रस्त कर उसके ऊपर से रात के समय अवैध रूप से मुरम और बालू का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है।
आवेदन के अनुसार ग्राम पोहा निवासी प्रमोद कुशवाहा द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व 20 मई 2025 की मध्यरात्रि में जेसीबी मशीन से बांध को करीब 10 फीट ऊंचाई और 40 फीट से अधिक चौड़ाई में काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। आरोप है कि बांध की मिट्टी से रैंप बनाकर निजी भूमि तक रास्ता तैयार किया गया और वर्तमान में उसी मार्ग से ट्रैक्टरों के माध्यम से मुरम एवं बालू का अवैध खनन कर विक्रय किया जा रहा है।
वार्डवासियों ने बताया कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी कई बार जनसुनवाई में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ताओं के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा मौके की जांच की गई थी, जिसमें शिकायत सही पाई गई थी। इसके बाद तहसीलदार निवाड़ी द्वारा 29 दिसंबर 2025 को संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाना निवाड़ी में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
आवेदन में मांग की गई है कि क्षतिग्रस्त बांध को पुनः पूर्व स्थिति में निर्मित कराया जाए तथा क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू और मुरम खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जालम रैकवार, छन्नूलाल, देशराज, धर्मेंद्र, संजय दांगी, दयाल रैकवार, प्रेमचंद, राजकुमार, शिवा, अभिषेक, जितेंद्र पलारया, भगवान दास सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
