
निवाड़ी। जनगणना 2027 के अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला मुख्यालय से एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी जमुना भिड़े ने वैन को रवाना करते हुए जनगणना कार्य के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने कहा कि जनगणना 2027 के तहत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जानकारी का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया के माध्यम से किया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंच सके। उन्होंने बताया कि प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी वैन जिले के प्रमुख 20 निर्धारित स्थानों पर भ्रमण कर लोगों को जनगणना कार्य के प्रति जागरूक करेगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी रोहन सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर स्वाति सिंह, जिला जनगणना प्रभारी निगम शांति दूबे, तहसीलदार एवं ग्रामीण चार्ज अधिकारी जगदीश रंधावा तथा जिला जनगणना लिपिक एवं सहायक ग्रेड-3 सौरव शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
