
निवाड़ी। शासन के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं मौके पर निराकरण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर जमुना भिड़े की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने पृथ्वीपुर के आवेदकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, जाति प्रमाण पत्र तथा आपसी बंटवारे से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जांच योग्य आवेदनों को समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित विभागों को सौंपा गया।
आवेदकों की सुविधा के लिए तहसील कार्यालय पृथ्वीपुर के निर्वाचन कार्यालय में भी जनसुनवाई की व्यवस्था की गई, जहां एसडीएम सुश्री मनीषा जैन, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि जनता को त्वरित राहत पहुंचाना है। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।
फौती नामांतरण प्रकरण में तत्काल कार्रवाई
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के तहत ग्राम पंचायत गुदरई तहसील ओरछा निवासी श्रीमती साधना सहारिया पत्नी स्वर्गीय विनोद सहारिया के फौती नामांतरण आवेदन पर सुनवाई की गई। कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने गंभीरता दिखाते हुए 21 जनवरी 2026 को पारित आदेश का तत्काल राजस्व रिकॉर्ड में अमल दर्ज कराया। अमल के बाद आवेदिका को अद्यतन खसरा-खतौनी की नकल सौंप दी गई। दस्तावेज प्राप्त होने पर आवेदिका ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अभियान के अंतर्गत फौती नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है तथा लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
सीमांकन शिकायत का सात दिन में समाधान
तहसील निवाड़ी के ग्राम टेहराका खास निवासी राघवेंद्र मिश्रा पिता हरप्रसाद मिश्रा द्वारा भूमि सीमांकन संबंधी शिकायत पिछली जनसुनवाई में प्रस्तुत की गई थी। आवेदन पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सीमांकन कराने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन की कार्रवाई पूरी की। वर्षों से लंबित समस्या के सात दिन में निराकरण होने पर राघवेंद्र मिश्रा ने जिला प्रशासन एवं राजस्व अमले के प्रति संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, सुश्री स्वाति सिंह, तहसीलदार, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
