

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन स्थित जय गुरुदेव आश्रम पहुंचकर उमाकांत महाराज के अमृत प्रवचन का श्रवण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आश्रम परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरुदेव श्री उमाकांत महाराज के मार्गदर्शन से जीवन को सरल, संयमित और सकारात्मक ढंग से जीने की प्रेरणा मिलती है। उनके आध्यात्मिक विचार समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मेट्रो सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उज्जैन की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों में गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा उज्जैन सहित अन्य धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू कर धार्मिक वातावरण को सुरक्षित और पवित्र बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने गुरुदेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा श्रद्धालुओं ने भी आशीर्वाद प्राप्त किया।
