दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को तहसीलदार निवाड़ी  जगदीश रंधावा ने नगर परिषद निवाड़ी स्थित दीनदयाल अंत्योदय रसोई केंद्र का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत किया गया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने रसोई केंद्र में उपलब्ध भोजन का जायजा लिया और स्वयं भोजन कर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया। जांच में भोजन मीनू के अनुरूप एवं गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।
तहसीलदार श्री रंधावा ने रसोई संचालक से प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने संबंधी जानकारी ली। साथ ही केंद्र में भोजन करने पहुंचे हितग्राहियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन इसी प्रकार का स्वादिष्ट एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
तहसीलदार ने सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना करते हुए कहा कि मात्र 5 रुपये में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने रसोई योजना से स्थानीय व्यापारियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) को जोड़कर सहयोग प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।