___________________________________________
भोपाल। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने के संकल्प को साकार करते हुए प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्य में अब तक 10 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत मध्यप्रदेश ने आवासों की ग्राउंडिंग में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में 98.04 प्रतिशत आवासों की ग्राउंडिंग पूर्ण हो चुकी है, जो प्रभावी क्रियान्वयन, सतत मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्यप्रणाली का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि 9 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को सौंपा जा चुका है। योजना के माध्यम से हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है, जिससे उनके जीवन स्तर, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, निम्न आय वर्ग एवं मध्यम आय वर्ग के शहरी परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि वे मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्के घर में जीवन यापन कर सकें।
आयुक्त भोंडवे ने कहा कि राज्य शासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध निर्माण कार्यों के चलते प्रदेश लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र शहरी परिवार को योजना का लाभ समय पर मिल सके। योजना के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, रोजगार सृजन एवं सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिला है।
