ओरछा। नाराई नाका पुलिस चौकी की सक्रियता और तत्परता से एक महिला का लाखों रुपए के जेवरों एवं नगदी से भरा बैग महज 30 मिनट में खोज लिया गया। बैग मिलने पर महिला एवं उसके परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला जालौन निवासी छाया यादव अपने पिता लक्ष्मण यादव के साथ ट्रक में सवार होकर यात्रा कर रही थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे वे ओरछा तिराहे पर उतर गईं, लेकिन उनका बैग ट्रक में ही छूट गया। बैग में लगभग पांच लाख रुपए मूल्य के सोने के जेवर तथा सात हजार रुपए नगद रखे हुए थे।
बैग छूटने का पता चलने पर छाया यादव ने ऑटो किराए पर लेकर ट्रक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के साथ नाराई नाका पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही चौकी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल ट्रक की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र 30 मिनट के भीतर ट्रक को खोज निकाला और उसमें रखा बैग सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद बैग महिला को सौंप दिया गया।
अपने कीमती सामान को सुरक्षित वापस पाकर छाया यादव एवं उनके पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए टीम का आभार जताया।
बैग की बरामदगी में नाराई नाका चौकी प्रभारी उप निरीक्षक टिंकल यादव, आरक्षक कपिल, शिव सिंह एवं रंजीत की सराहनीय भूमिका रही।