
मतदाता सूची पुनरीक्षण के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा, त्रुटिरहित सूची बनाने पर जोर
निवाड़ी। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभा कक्ष में प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी (स्थायी समिति) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े ने वार्षिक मतदाता सूची पुनरीक्षण के द्वितीय चरण की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस चरण में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटि सुधार एवं दावा-आपत्ति संबंधी कार्य किए जाएंगे।
कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां प्रदान करते हुए आग्रह किया कि वे बूथ स्तर पर अपने एजेंटों के माध्यम से सूची का अवलोकन करें, जिससे शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
बैठक में पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिए गए प्रशिक्षण का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन, सुश्री मनीषा जैन, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ, मास्टर ट्रेनर तथा निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे।
