
25 मई तक पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
निवाड़ी। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक गोविंद सिंह चौहान ने शुक्रवार को निवाड़ी जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत चल रही दावा-आपत्ति संबंधी कार्यवाहियों का जायजा लेना रहा।
अपने भ्रमण के दौरान प्रेक्षक श्री चौहान ने नगर परिषद ओरछा अंतर्गत केशव भवन स्थित चारों मतदान केंद्रों, प्राथमिक शाला नकटा एवं पर्यटन धर्मशाला मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने जनपद पंचायत निवाड़ी के अंतर्गत गुर्जराकला, गुर्जराकलाखुर्द, चकरपुर एवं चंदवानी मतदान केंद्रों का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक श्री चौहान ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित प्राधिकृत अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाहियां 25 मई 2026 तक समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता एवं तत्परता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) निवाड़ी अशोक कुमार सेन, तहसीलदार ओरछा सुनील बाल्मिक, लाइजनिंग अधिकारी मानवेंद्र सिंह, निर्वाचन सुपरवाइजर शुभम गिरी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
