ओरछा। मित्रों के साथ घूमने आए एक युवक के बेतवा नदी में स्नान के दौरान पैर फिसल जाने से नदी में डूब जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम और गोताखोर युवक की लगातार तलाश कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र निवासी विवेक सोनी अपने मित्रों के साथ ओरछा घूमने आए थे। सभी मित्र बेतवा नदी में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक विवेक सोनी का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। युवक को डूबता देख उसके मित्रों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पर्यटक चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। नदी में पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। देर शाम तक युवक की तलाश जारी रही।
विधायक नितेंद्र सिंह राठौर पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलते ही पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को तलाश अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और युवक के सकुशल मिलने की कामना की।