निवाड़ी। बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शासकीय हाई स्कूल बहेरा के ‘भारत स्काउट्स एंड गाइड्स’ के विद्यार्थियों ने सराहनीय पहल करते हुए पूरे गांव में पक्षियों के लिए पानी के सकोरे बांधे। यह अभियान अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन, जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा जिला ईको क्लब प्रभारी भगवत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत विद्यार्थियों ने गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, देवस्थानों और पेड़ों सहित करीब 20 स्थानों पर मिट्टी के सकोरे लगाए। विद्यार्थियों ने सकोरों में शीतल जल भरकर ग्रामीणों से भी नियमित रूप से इनमें पानी भरने की अपील की।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकार और जीव दया की भावना के साथ यह संदेश दिया कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना भी एक बड़ा पुण्य कार्य है। विद्यालय परिसर में पहले से ही पक्षियों के लिए घोंसला, दाना और पानी की विशेष व्यवस्था की गई है, जहां पक्षियों ने अपने घोंसले भी बना लिए हैं।
इस अवसर पर जिला मास्टर ट्रेनर्स ईको क्लब एवं विद्यालय ईको क्लब प्रभारी बृजेश कुमार राय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि गर्मी में जलस्रोत सूख जाने के कारण पक्षियों को भारी परेशानी होती है, ऐसे में यह छोटा प्रयास कई पक्षियों के जीवन को बचाने में सहायक साबित होगा।