
निवाड़ी। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत बुधवार को जनपद पंचायत सभागार, निवाड़ी में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण हेतु प्राधिकृत कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निवाड़ी एवं पृथ्वीपुर द्वारा की गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को द्वितीय चरण की प्रक्रिया एवं उससे जुड़ी बारीकियों की जानकारी देकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं शुद्ध बनाना था। जिला स्तर पर नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स ने कर्मचारियों को तकनीकी एवं मैदानी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन संबंधी प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आगामी निर्वाचन के लिए पारदर्शी एवं सटीक मतदाता सूची तैयार की जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में निवाड़ी एवं पृथ्वीपुर क्षेत्र के प्राधिकृत कर्मचारी तथा निर्वाचन शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।
