
अगले 24 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण, प्रशासन ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा भिंड, छतरपुर, दतिया, निवाड़ी, पन्ना और टीकमगढ़ जिलों में “अत्यधिक गंभीर” लू (Severe Heatwave) का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तीव्र और गंभीर लू चलने की आशंका जताई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार द्वारा नागरिकों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन संदेश भेजकर सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है।
दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को टोपी, छतरी या तौलिए से ढकने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश
तापमान में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। हीटस्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं। साथ ही आवश्यक दवाइयों, ड्रिप और ओआरएस पैकेट का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था
स्थानीय निकायों, नगर पालिकाओं और पंचायतों को बस स्टैंड, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर प्याऊ और ओआरएस काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें और बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
