पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य का दिया संदेश, पृथ्वीपुर में “ग्रीन जनगणना” पहल की सराहना


निवाड़ी। देशहित, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर नगर पंचायत के शिक्षकों ने एक प्रेरणादायक पहल शुरू की है। राष्ट्रीय जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों ने मोटरसाइकिल और स्कूटर का उपयोग छोड़ साइकिल से अपने प्रगणन क्षेत्र में जाना शुरू किया है। शिक्षकों की इस अनूठी पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर शिक्षकों ने यह कदम उठाया है। पहल का नेतृत्व कर रहे प्रगणक श्री अरुण कुमार पटेरिया ने बताया कि साइकिल चलाने से जहां नियमित व्यायाम हो जाता है, वहीं शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है। उन्होंने कहा कि साइकिल पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल साधन है, जिससे कार्बन उत्सर्जन नहीं होता और प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलती है। साथ ही पेट्रोल की बचत होने से आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है।
शिक्षकों द्वारा शुरू की गई इस “ग्रीन पहल” का पृथ्वीपुर के प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों का यह प्रयास समाज के अन्य वर्गों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
राष्ट्रीय जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान शिक्षकों ने यह संदेश दिया है कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयासों से भी राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। पृथ्वीपुर के शिक्षकों की यह पहल अब जिलेभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।