

निवाड़ी जिले की 79,148 लाड़ली बहनों को मिल रहा लाड़ली बहना योजना का लाभ
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 मई को ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 36वीं किश्त जारी की। नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 67 लाख 29 हजार 250 रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। इसके अलावा उन्होंने 296 करोड़ रुपये के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने बच्चियों पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने लाठी में करतब दिखा रहे बच्चे को गोद में लेकर दुलारा और खुद भी लाठी घुमाई। गौ-पूजन के बाद उन्होंने यहां लगाई गई कई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में नरसिंहपुर की धरोहरों को समेटने वाले कैलेंडर का विमोचन किया। उन्होंने हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया। उन्होंने टॉप करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र दिए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
निवाड़ी जिले की 79,148 लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची 11.70 करोड़ की राशि
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत निवाड़ी जिले की 79,148 पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹11,70,14,700 की राशि अंतरित की गई। परियोजना अधिकारी ने बताया कि योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है और वे परिवार के निर्णयों में सशक्त भूमिका निभा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाड़ली बहनों द्वारा मुख्यमंत्री जी के राशि अंतरण राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा और सुना गया।
