



193 करोड़ रुपये के 59 विकास कार्यों का लोकार्पण, 83 करोड़ रुपये के 15 कार्यों का भूमिपूजन; विधि महाविद्यालय व एमबीए कक्षाएं शुरू करने की घोषणा
निवाड़ी। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को निवाड़ी जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए नवीन कलेक्ट्रेट भवन एवं जिला चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 193करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 59 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 83 करोड़ रुपये की लागत के 15 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कॉलेज ग्राउंड पहुंचे, जहां से नवीन कलेक्ट्रेट भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया और इसके बाद जिला चिकित्सालय भवन का भी लोकार्पण किया।
लोकार्पण के बाद कॉलेज ग्राउंड स्थित सभा स्थल पर आयोजित “निवाड़ी विकास पर्व” कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, विधायक अनिल जैन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं छात्राओं को साइकिल वितरित की।
केन-बेतवा परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में रात्रि विश्राम का अवसर मिलना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और निवाड़ी जिले के 158 गांव इससे लाभान्वित होंगे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं और गरीबों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधि महाविद्यालय और एमबीए कक्षाओं की घोषणा
कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन ने विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी अनेक मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। वहीं कैप्टन सुरेंद्र सिंह यादव ने निवाड़ी में एमबीए कक्षाएं प्रारंभ करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने निवाड़ी में विधि महाविद्यालय तथा एमबीए की कक्षाएं प्रारंभ करने की घोषणा करते हुए अन्य प्रमुख मांगों को भी स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कविता के माध्यम से रखीं मांगें
मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए
की विधायक अनिल जैन ने कविता के माध्यम से विकास कार्यों की मांग रखी।उन्होंने नगर परिषद निवाड़ी को नगर पालिका का दर्जा, आधुनिक बस स्टैंड, सर्किट हाउस, सिटी हॉस्पिटल, स्टेडियम निर्माण, गौशाला, सांदीपनि विद्यालय, टेहरका को नगर परिषद बनाने, ओरछा में सड़क निर्माण एवं जनौली-चंदावनी मार्ग पर पुल सहित कई विकास कार्यों की मांग की। राज्यसभा सांसद महेश केवट ने ओरछा में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
पूर्व विधायक की मांगों पर भी मिली सहमति
पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव ने पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास से संबंधित मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाते हुए उनकी प्रमुख मांगों को भी पूरा करने की घोषणा की।
रामराजा सरकार के दर्शन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम में परिवर्तन करते हुए रात्रि में ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्री रामराजा सरकार के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्री रामराजा लोक निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया तथा संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को सुना।
प्रभारी मंत्री ने विधायक की सराहना की
जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विधायक अनिल जैन की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधायक में विकास कार्य कराने की विशेष लगन है और आवश्यकता पड़ने पर वे भोपाल से लेकर दिल्ली तक प्रयास करते हैं।
विधायक निवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री
प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विधायक अनिल जैन के निवास पहुंचे, जहां उनका आतिशबाजी एवं ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने वहीं भोजन भी किया। इसके बाद उनके परिवारजनों से मुलाकात की।
धार्मिक विधि-विधान से हुआ कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण
नवीन कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्र के भागवताचार्य सत्यदेव तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर भवन का शुभारंभ कराया।
इनकी रही उपस्थित
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक अनिल जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव, विवेक चतुर्वेदी, जनपद अध्यक्ष निरंजना जैन, डॉ. नंदकिशोर नापित, कैप्टन सुरेंद्र सिंह यादव, कमलेश चौरसिया, पुष्पेंद्र प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।

