
प्रधानमंत्री मोदी ने किया “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान का शुभारंभ, मैनिट में मुख्यमंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ ________________________________
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भोपाल स्थित मैनिट में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को नशामुक्त भारत और नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को समर्थ, शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग आवश्यक है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि 21वीं सदी भारत की होगी और इसके लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवाचार और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव संयम, सेवा और सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा देती है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार, सामाजिक सम्मान और भविष्य को बर्बाद कर देता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। धार्मिक स्थलों पर शराबबंदी जैसे फैसले इसी दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने हाल ही में नशे की वजह से दो भाइयों के बीच हुए जानलेवा विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा परिवारों को तबाह कर देता है और समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है।
डॉ. यादव ने कहा कि नशामुक्ति केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक अभियान है। उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह प्रदेश से डाकुओं और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया, उसी तरह अब नशे के कारोबार और इसकी प्रवृत्ति का भी पूरी तरह खात्मा करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

