
आज से 20 अगस्त से 10 सितंबर तक चलेगा अभियान
कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ
निवाड़ी। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन दर्शन, समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के साथ निवाड़ी जिले में भी सामाजिक समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का शुभारंभ 20 अगस्त से किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान सामाजिक समरसता संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर बड़ी देवी मंदिर के पास स्थित संत रविदास जी के मंदिर से कलश वंदन एवं सामाजिक समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ होगा। इसके बाद नगर में कलश भ्रमण कराया जाएगा तथा कलश यात्रा ग्राम टीला पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि सामाजिक समरसता संकल्प अभियान का प्रथम चरण 20 अगस्त से 10 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान जिला एवं ग्राम स्तर के साथ चिन्हित स्थानीय मंदिरों में सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में स्थानीय संतों, गुरुजनों, समाज के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
हर शुक्रवार गांव में लगेगा जनविश्वास शिविर
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को एक चिन्हित ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किया जा रहा है। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और यथासंभव उनका मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे कलेक्टर के समक्ष रखे। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

