
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में आयोजित ET World Leaders Forum 2026 के “MP: Unlocking The Heart of India” सत्र में मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं पर संवाद किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अब देश में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। राज्य सरकार ने विकास की चुनौतियों को पहचानकर उन्हें अवसरों में बदलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए पर्याप्त भूमि, भरपूर बिजली-पानी और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार द्वारा उद्योग एवं व्यापार के अनुकूल नीतियां लागू किए जाने का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बीते कुछ समय में ही मध्यप्रदेश में लगभग ₹10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर आए हैं। उन्होंने देश-दुनिया के उद्योगपतियों और निवेशकों से मध्यप्रदेश की उद्योग-मित्र नीतियों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के स्वागत और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य सरकार का लक्ष्य औद्योगिक विकास को गति देकर रोजगार के नए अवसर पैदा करना और मध्यप्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना है।

