ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियां तेज, जिम्मेदारियां तय
30-31 अगस्त को जुटेंगे भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, बुंदेली संस्कृति की दिखेगी झलक

ओरछा। श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में 30 और 31 अगस्त को आयोजित होने वाली मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बैठक की व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों की लगातार बैठकें हो रही हैं। कार्यकर्ताओं को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अध्यक्ष बनने के बाद पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ओरछा में आयोजित हो रही है। बैठक में विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ पिछली कार्यसमिति की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी तथा आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक को सफल बनाने में व्यवस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जिस कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उसका गंभीरता से निर्वहन करे। सभागार और मंच के साथ पूरे नगर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने बताया कि ओरछा तिगैला से ओरछा तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। नगर की सजावट में बुंदेलखंड और ओरछा की संस्कृति एवं विशेषताओं को प्रमुखता दी जाएगी। भोजन व्यवस्था में बुंदेली व्यंजनों के साथ साज-सज्जा में भी बुंदेली परिवेश की झलक देखने को मिलेगी। बैठक में शामिल होने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
विधायक अनिल जैन ने बैठक में आवास व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में प्रवेश के लिए बारकोड व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे प्रवेश प्रक्रिया व्यवस्थित और सुचारू बनी रहेगी।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेश केवट, केशव सिंह भदौरिया, लोकेंद्र पाराशर, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, विधायक अनिल जैन, शिशुपाल यादव, जिला प्रभारी डॉ. दीपक भदौरिया, सह मीडिया प्रभारी बृजगोपाल गोयल, विशाल बत्रा, पवन दुबे सहित पार्टी के दायित्ववान पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।