प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सर्च ऑपरेशन तेज करने के दिए निर्देश

निवाड़ी। जिले में बुधवार सुबह हुई तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत पर जाते समय नाला पार करने के दौरान 8 वर्षीय बच्ची अवंतिका तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों के साथ जिला एवं पुलिस प्रशासन की टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, अवंतिका अपने परिचित के साथ खेत पर जा रही थी। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर थे। इसी दौरान नाला पार करते समय अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बच्ची बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।
बच्ची के पिता संतोष कुशवाहा ने बताया कि बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
प्रभारी मंत्री ने दिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश
घटना की जानकारी मिलने पर निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने जिला प्रशासन को बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए बच्ची को जल्द तलाशने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।
फिलहाल जिला एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें नाले और उसके आसपास के बहाव वाले क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। स्थानीय लोग भी बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद में तलाश अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीएम अशोक कुमार सेन सहित प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर सर्च टीम के साथ सक्रिय रूप से बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।