

ओरछा। रक्षाबंधन का पर्व इस बार गरौठा क्षेत्र के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के लिए बेहद खास रहा। ओरछा के तिगैला स्थित रॉयल गार्डन में आयोजित भव्य रक्षाबंधन उत्सव में पूरे क्षेत्र से पहुंचीं 1000 से अधिक बहनों ने पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया।
कार्यक्रम में उत्साह और अपनत्व का अनूठा माहौल देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों और क्षेत्रों से पहुंचीं बहनों ने दीप नारायण सिंह यादव को राखी बांधी। इसके बाद पूर्व विधायक ने सभी बहनों को उपहार देकर सम्मानपूर्वक विदा किया। आयोजन में बहनों एवं हजारों की संख्या में पहुंचे आगंतुकों के लिए भोजन की पर्याप्त व्यवस्था भी की गई थी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव ने भावुक अंदाज में कहा कि,यह मेरा सौभाग्य है कि आज मेरी 1000 से अधिक बहनें हैं। यदि परिस्थितियां अनुकूल होतीं तो आज 2000 बहनें और होतीं, जिनसे मैं राखी बंधवा रहा होता।
उन्होंने अपनी बहनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आप लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जब तक दीप नारायण सिंह यादव जिंदा है, तब तक आपका भाई आपको किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने देगा। उनके इस संबोधन पर कार्यक्रम में मौजूद बहनों और समर्थकों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रपाल सिंह यादव, दीपांकर यादव (मून) तथा निवाड़ी समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र से हजारों की संख्या में दीप नारायण सिंह यादव के समर्थक, शुभचिंतक और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता रक्षाबंधन उत्सव में शामिल हुए।
हजारों लोगों की मौजूदगी और 1000 से अधिक बहनों के स्नेह ने इस रक्षाबंधन उत्सव को खास बना दिया। आयोजन में भाई-बहन के अटूट रिश्ते के साथ सामाजिक और राजनीतिक जुड़ाव की भी झलक देखने को मिली।

