
निवाड़ी। महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में 25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह समारोह का आयोजन किया गया। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से पूरे सप्ताह विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
संस्कृत सप्ताह का शुभारंभ 25 अगस्त को मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व से अवगत कराने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से संस्कृत सप्ताह की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार भी किया गया।
समारोह के अंतिम दिवस 31 अगस्त को संस्कृत सप्ताह का विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर संस्कृत भाषा के विद्वानों ने संस्कृत के महत्व एवं उपयोगिता के साथ भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा में संस्कृत भाषा के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत भाषा को सीखने और दैनिक जीवन में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अटल बिहारी शर्मा, व्याख्याता राजेंद्र तिवारी, श्रीमती कल्पना लिटोरिया, श्रीमती सुषमा तंतुबाय, श्रीमती गिरिजा अहिरवार, वीरेंद्र अहिरवार, श्रीमती उमा बाजपेई, शिरोमणि अहिरवार, श्रीमती रक्षा गुप्ता, दीपेश नामदेव, श्रीमती मालती एवं श्रीमती अंजना गुप्ता सहित विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

