
निवाड़ी/असाटी। सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय असाटी में गुरुवार, 3 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई श्रीकृष्ण लीला एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी लीलाओं का जीवंत मंचन कर कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का रंग भर दिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं एवं जन्माष्टमी पर्व की धार्मिक और सामाजिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार चतुर्वेदी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंगों और उनके संदेशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी राजेन्द्र तिवारी, संस्था के प्रभारी प्रधानाध्यापक माध्यमिक खंड रमेश कुमार साहू, प्रभारी प्रधानाध्यापक प्राथमिक खंड प्रमिला वाजपेयी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रमोद कुमार कुशवाहा ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का समापन हुआ।

