
निवाड़ी। शिक्षक दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में निवाड़ी जिले के ग्राम बरबाहा निवासी एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीपुर में पदस्थ शिक्षक अजय मिश्रा को महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल द्वारा शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। उच्चतर शिक्षक संवर्ग में पूरे मध्यप्रदेश से चयनित 15 शिक्षकों में अजय मिश्रा का चयन होना जिले के साथ-साथ बुंदेलखंड और सागर संभाग के लिए गौरव की बात है।
शिक्षा विभाग द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल में आयोजित समारोह में महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, युवा एवं खेल कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित प्रदेशभर से आए सम्मानित शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसी समारोह में शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य एवं योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अजय मिश्रा ग्राम बरबाहा निवासी अश्विनी मिश्रा के पुत्र हैं। उनके पिता जिला पंचायत से सेवानिवृत्त हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अजय मिश्रा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। वे बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। रसायन शास्त्र विषय पर उनकी विशेष पकड़ रही है और शिक्षक के रूप में उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
अजय मिश्रा वर्तमान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीपुर में पदस्थ हैं। इससे पूर्व वे मॉडल स्कूल में भी सेवाएं दे चुके हैं तथा प्राचार्य के दायित्व का निर्वहन भी कर चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में भी विभिन्न पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
उनके परिवार में एक छोटा भाई भारतीय स्टेट बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान मिलने के बाद अजय मिश्रा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जिले के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे निवाड़ी जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
ज्योति पाठक को भी मिला शिक्षक सम्मान
इसी शिक्षक सम्मान समारोह में निवाड़ी जिले के ग्राम सीतापुर में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक संवर्ग की श्रीमती ज्योति पाठक को भी शिक्षक सम्मान से नवाजा गया। जिले के दो शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान मिलना शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

