दधि मटकी फोड़ने में मथुवन आजादपुरा की ग्वाल टोली ने मारी बाजी
तीन घंटे तक चला रोमांचक मुकाबला, बुंदेलखंड की करीब दो दर्जन टोलियों ने लिया हिस्सा

ओरछा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक नगरी ओरछा स्थित श्री रामराजा मंदिर परिसर में पारंपरिक दधि मटकी उत्सव का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। बुंदेलखंड क्षेत्र के विभिन्न जिलों से पहुंचीं करीब दो दर्जन ग्वाल टोलियों ने उत्सव में भाग लेकर अपने कौशल और सामूहिक समन्वय का प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले रोमांचक मुकाबले में मथुवन आजादपुरा ओरछा की ग्वाल टोली ने मटकी फोड़कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
उत्सव का शुभारंभ श्री रामराजा मंदिर में राजभोग आरती के उपरांत प्रधान पुजारी श्री रमाकांत शरण महाराज द्वारा किया गया। आयोजन को देखने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे। पारंपरिक दधि मटकी उत्सव के दौरान पूरा परिसर उत्साह और धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
प्रतिभागियों के लिए मंदिर परिसर में तीन अलग-अलग स्थानों पर रस्सियों के माध्यम से मटकियां बांधी गई थीं। मंदिर की छतों से रस्सियों को खींचकर मटकियों को लगातार घुमाया और हिलाया जा रहा था, जिससे उन्हें फोड़ना प्रतिभागियों के लिए चुनौतीपूर्ण बन गया। विभिन्न ग्वाल टोलियों ने सामूहिक प्रयास, रणनीति और बेहतर तालमेल के साथ मटकी तक पहुंचने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे तक चले मुकाबले में कई टोलियों ने मटकी फोड़ने का प्रयास किया। अंततः कृष्णा पाल के नेतृत्व वाली मथुवन आजादपुरा ओरछा की ग्वाल टोली ने लगभग एक घंटे के लगातार प्रयास और सामूहिक समन्वय के बाद मटकी फोड़ने में सफलता हासिल की।
मुकाबला समाप्त होने के बाद मथुवन आजादपुरा ओरछा की ग्वाल टोली को दधि मटकी उत्सव का विजेता घोषित किया गया। विजेता टोली की सफलता पर प्रतिभागियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। पारंपरिक दधि मटकी उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।