
निवाड़ी। सागर जिले में अवैध शराब से हुई मौतों के बाद अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को निवाड़ी तहसील के ग्राम चुरारा में आबकारी विभाग ने दबिश देकर 10 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त करने के साथ 5500 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर मौके पर नष्ट कराया। कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिंडे के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अमृता जैन के मार्गदर्शन में वृत्त प्रभारी श्रीमती सपना यादव के नेतृत्व में आबकारी दल ने ग्राम चुरारा में अवैध शराब के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की। टीम ने एक स्थान से 10 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त कर एक ज्ञात प्रकरण दर्ज किया, जबकि 5500 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा इस मामले में अज्ञात प्रकरण दर्ज किया गया।
सागर हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
सागर जिले में अवैध शराब से हुए हादसे के बाद प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है। निवाड़ी में हुई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर समय रहते अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई होने से संभावित घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री कानूनन अपराध होने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। विभाग ने कहा है कि अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा अवैध रूप से शराब का निर्माण, संग्रहण अथवा विक्रय करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक महेंद्र राय, आबकारी आरक्षक देवेन्द्र कुमार, अवधेश अहिरवार, शुभम चौधरी, शाहिल अग्रवाल और पहलाद प्रजापति की सक्रिय भूमिका रही। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

