
निवाड़ी। जिला मुख्यालय पर अंबेडकर तिराहे से रेलवे स्टेशन तक जाने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति से गुजर रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि पिछले डेढ़ माह में इस मार्ग के गड्ढों को करीब तीन बार भरा जा चुका है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सड़क की स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवाड़ी आगमन और नवीन कलेक्ट्रेट भवन के लोकार्पण को देखते हुए 24 जुलाई को अंबेडकर तिराहे से नवीन कलेक्ट्रेट भवन तक जाने वाली सड़क के गड्ढों को भरा गया था। इसके बाद यह मरम्मत ज्यादा दिन नहीं चल सकी और सड़क पर दोबारा गड्ढे दिखाई देने लगे। इसके चलते 1 अगस्त को एक बार फिर गड्ढों को भरने का काम कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दूसरी बार की गई मरम्मत भी महज एक सप्ताह के भीतर ही उखड़ने लगी। अब 9 अगस्त को तीसरी बार सड़क के गड्ढों को भरने का काम किया गया, जिसके चलते मार्ग के एक तरफ का आवागमन भी प्रभावित रहा।
हर बार मरम्मत, फिर सामने आ जाते हैं गड्ढे
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क के गड्ढों को भरने के लिए गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि मरम्मत का काम स्थायी रूप से किया जाए तो बार-बार गड्ढे भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। डेढ़ माह में तीसरी बार गड्ढे भरे जाने को लेकर लोगों में संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार की जा रही मरम्मत से आखिर सड़क की वास्तविक समस्या क्यों दूर नहीं हो पा रही है, इसकी जांच होना चाहिए।
दो साल से अधूरा पड़ा डिवाइडर निर्माण
अंबेडकर तिराहे से रेलवे स्टेशन तक जाने वाले मार्ग की दूसरी बड़ी समस्या डिवाइडर निर्माण कार्य है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर डिवाइडर का निर्माण करीब दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन अभी तक कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी न तो संबंधित विभाग के पास है और न ही निर्माण एजेंसी की ओर से कोई निश्चित समयसीमा सामने आई है।
डिवाइडर का काम अधूरा होने के कारण मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। वहीं निर्माण कार्य के चलते सड़क पर उड़ने वाली धूल से आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वर्तमान में इसी मार्ग पर नवीन कलेक्ट्रेट कार्यालय और जिला अस्पताल संचालित होने के कारण वाहनों का दबाव पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गया है। ऐसे में सड़क की बदहाली और अधूरे डिवाइडर निर्माण के कारण वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने के साथ ही डिवाइडर निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।

