


निवाड़ी। सागर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने संभाग अंतर्गत स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, राजस्व अधिकारी सहित संभाग एवं जिला स्तर के संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निवाड़ी जिले से कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर मोहम्मद इकबाल एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती स्वाती सिंह ने एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सहभागिता की।
बैठक में संभाग आयुक्त ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करते हुए योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में जहां भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाएं सामने आ रही हैं, उनका तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
आयुक्त ने स्वामित्व पत्रों के वितरण से पूर्व प्राप्त होने वाले दावे-आपत्तियों का पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दावे-आपत्तियों का समय पर निराकरण होने से भविष्य में भू-विवाद की संभावनाओं को कम किया जा सकेगा। तैयार अधिकार अभिलेखों का वितरण पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने राजस्व विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल से योजना के कार्यों में अनावश्यक विलंब को रोका जा सकता है।
संभाग आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना की प्रगति की हर सप्ताह जिला एवं संभाग स्तर पर समीक्षा की जाएगी। कार्य में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में आयुक्त दिलीप कुमार ने कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों के डिजिटलीकरण एवं अधिकार अभिलेख तैयार करने का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

