नवागत आईजी इरशाद वली ने निवाड़ी में संभाली पुलिस व्यवस्था की समीक्षा
अवैध शराब पर शिकंजा कसने, गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण और थानों में स्वच्छता पर दिया जोर

निवाड़ी। सागर जोन के नवागत पुलिस महानिरीक्षक श्री इरशाद वली ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार निवाड़ी जिले का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।
इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम निवाड़ी में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने आईजी को जिले की भौगोलिक स्थिति, पुलिस व्यवस्था, अपराध की स्थिति एवं प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत जानकारी दी।
अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा बैठक में आईजी इरशाद वली ने पुलिस अधिकारियों को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना एवं चौकी परिसरों की साफ-सफाई और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां से अवैध शराब की शिकायतें या सूचनाएं प्राप्त होती हैं। इन स्थानों पर लगातार गश्त एवं निगरानी रखने के साथ आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
गंभीर अपराधों में समयबद्ध कार्रवाई पर जोर
आईजी ने गंभीर अपराधों में वैधानिक कार्रवाई समय-सीमा में पूरी कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित अपराधों में निर्धारित समयावधि में विवेचना पूर्ण कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने थानों के मालखानों की साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव तथा जिले के विभिन्न स्थानों पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया। संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाए।
कंट्रोल रूम परिसर में किया वृक्षारोपण
समीक्षा बैठक के बाद पुलिस महानिरीक्षक श्री इरशाद वली ने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देशन में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी, थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, चौकी प्रभारी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।