

निवाड़ी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम घुरारा जागीर में कार्रवाई की। विभागीय दल ने मौके से 32 लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब जब्त की, जबकि करीब 250 किलोग्राम महुआ लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क), (च) के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए।
यह कार्रवाई 12 सितंबर 2026 को निवाड़ी कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अमृता जैन के मार्गदर्शन में की गई। वृत्त प्रभारी श्रीमती सपना यादव के नेतृत्व में आबकारी दल ने ग्राम घुरारा जागीर में दबिश देकर अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया।
विभाग ने बताया कि अवैध शराब का निर्माण और विक्रय कानूनन अपराध होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर रूप से नुकसानदायक है। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से शराब का संग्रहण, निर्माण अथवा विक्रय करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक महेंद्र राय, आरक्षक अवधेश अहिरवार, साहिल अग्रवाल, शुभम चौधरी एवं देवेंद्र कुमार की भी सक्रिय भूमिका रही।

