ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में छाई मध्यप्रदेश की बाग प्रिंट कला, विदेशी प्रतिनिधियों ने खुद लगाए ठप्पे

भोपाल। मध्यप्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी पहचान दर्ज कराई। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर आयोजित ब्रिक्स बाजार में मध्यप्रदेश की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट कला विदेशी प्रतिनिधियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश की कला-संस्कृति की विशिष्ट छाप लगातार मजबूत हो रही है। बाग प्रिंट जैसी पारंपरिक कला प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हुनर का प्रतिनिधित्व करती है।
ब्रिक्स बाजार में विदेशी प्रतिनिधियों ने बाग प्रिंट की निर्माण प्रक्रिया को करीब से देखा और इस पारंपरिक कला की बारीकियों को समझा। प्रतिनिधियों ने स्वयं ठप्पे लगाकर कपड़े पर प्रिंट बनाने का अनुभव भी लिया। इस दौरान उन्होंने कलाकारों से बाग प्रिंट की तकनीक, परंपरा और इसकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।
मध्यप्रदेश के धार जिले की बाग प्रिंट अपनी प्राकृतिक रंगों, विशिष्ट डिजाइनों और पारंपरिक छपाई तकनीक के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ब्रिक्स बाजार में इसके प्रदर्शन ने प्रदेश की लोक एवं हस्तशिल्प परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई।