
निवाड़ी। जनपद पंचायत निवाड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढिमरपुरा में सिंदूर सागर तालाब के जलभराव से उत्पन्न गंभीर समस्या को लेकर सैकड़ों ग्रामवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल राहत एवं समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले माह हुई अत्यधिक बारिश के चलते सिंदूर सागर तालाब पूरी तरह उफान पर है। तालाब से पानी की पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण बड़ी मात्रा में पानी ग्राम ढिमरपुरा में भर गया है। लगातार जलभराव के चलते कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कुछ मकान पूरी तरह धराशाई हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मकान धराशाई होने की घटनाओं में दो लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है।
जलभराव का असर ग्रामीणों की कृषि भूमि पर भी पड़ा है। बड़ी मात्रा में उपजाऊ जमीन पानी में डूब जाने से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब का जलस्तर शीघ्र कम नहीं किया गया तो आने वाले समय में और गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
तालाब तत्काल खाली कराने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने सिंदूर सागर तालाब को तत्काल खाली कराने तथा पानी की उचित निकासी व्यवस्था किए जाने की मांग की है, जिससे जलस्तर नीचे आ सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा जलभराव के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा देने, किसानों एवं ग्रामीणों के मकान, फसल और अन्य संपत्ति के नुकसान का सर्वे कराने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की।

