
निवाड़ी। मध्यप्रदेश के छोटे जिलों में शामिल निवाड़ी एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। जिला शिक्षा विभाग में अधिकारियों के बार-बार बदलने के बाद अब खाद्य विभाग में दो महिला अधिकारियों के बीच कार्यालय में बैठने और विभागीय कार्य संचालन को लेकर चल रही खींचतान सामने आई है। स्थिति यह है कि कलेक्टर कार्यालय के नीचे संचालित खाद्य विभाग के कार्यालय में दो ताले लगे देखे गए। कार्यालय में ताला लगे होने से दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा 8 सितंबर को खाद्य विभाग में अधिकारियों के बीच कार्यों का विभाजन किया गया था। आदेश के अनुसार खाद्य आपूर्ति अधिकारी सपना सेन को प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी का दायित्व सौंपा गया, जबकि सहायक आपूर्ति अधिकारी सरिता अग्रवाल को अनुविभाग निवाड़ी का प्रभार दिया गया। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित अहिरवार को पूर्व की तरह अनुविभाग पृथ्वीपुर का दायित्व दिया गया।
कार्य विभाजन के बाद ही कार्यालय में बैठने को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच मतभेद सामने आने की बात कही जा रही है। विभागीय स्तर पर चल रही इस खींचतान के बीच कार्यालय पर दो ताले लगे होने से मामला और चर्चा में आ गया है।
दो कमरों में संचालित हो रहा कार्यालय
जानकारी के अनुसार कलेक्टर द्वारा खाद्य विभाग को नवीन कलेक्ट्रेट भवन में दो कमरे आवंटित किए गए हैं। इनमें से एक कमरे में जिला आपूर्ति अधिकारी का कार्यालय संचालित होता है, जबकि दूसरे कमरे में विभागीय कर्मचारी बैठते हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी का प्रभार बदलने के बाद पूर्व प्रभारी अधिकारी द्वारा पूर्व में उपयोग किए जा रहे कक्ष में ही बैठने की बात सामने आ रही है। वहीं, वर्तमान प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी सपना सेन भी जिला आपूर्ति अधिकारी के कक्ष में बैठकर कार्य करना चाहती हैं। इसी को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है।
कार्यालय में ताला, हितग्राही परेशान
खाद्य विभाग से जुड़ी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। लेकिन कार्यालय में ताला लगा मिलने के कारण उन्हें परेशान होकर वापस लौटना पड़ रहा है। हितग्राहियों का कहना है कि विभागीय विवाद का असर आम लोगों के काम पर नहीं पड़ना चाहिए।
विभागीय कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी सपना सेन कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों के कक्ष में बैठकर काम कर रही हैं। वहीं, पूर्व प्रभारी सरिता अग्रवाल के कार्यालय में मौजूद न होने की बात कही जा रही है। कर्मचारियों के अनुसार कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज होने के कारण ताला लगे रहने से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
दोनों अधिकारियों के अलग-अलग ताले होने की चर्चा
विभागीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कार्यालय में पहले से लगे ताले के बाद वर्तमान प्रभारी अधिकारी की ओर से भी दूसरा ताला लगाया गया है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में कार्यालय पर दो ताले लगे होने की स्थिति ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्व प्रभारी के कार्यकाल में कई उपलब्धियों का दावा
सरिता अग्रवाल ने वर्ष 2022 में निवाड़ी के प्रभारी जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी का पदभार संभाला था और करीब चार वर्ष तक इस पद पर कार्य किया। विभागीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनके कार्यकाल के दौरान निवाड़ी जिले को राशन वितरण के मामले में प्रदेश स्तर पर कई बार बेहतर प्रदर्शन के लिए स्थान प्राप्त हुआ। विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने अनौपचारिक बातचीत में वर्तमान प्रभारी अधिकारी सपना सेन के पूर्व में निलंबित होने और उनके विरुद्ध विभागीय जांच चलने की बात कही है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
अब देखना यह है कि खाद्य विभाग में अधिकारियों के बीच चल रहे कार्यालय संबंधी विवाद का प्रशासन किस प्रकार समाधान करता है, ताकि विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें और हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

