ट्रेन्चिंग ग्राउंड में पौधारोपण कर दिया हरियाली और स्वच्छता का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने रोपे पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प

निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को निवाड़ी के ट्रेन्चिंग ग्राउंड परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अपशिष्ट प्रबंधन वाले क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के साथ नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विधायक निवाड़ी अनिल जैन, नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार, डॉ नंदकिशोर नापित सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, डीएफओ मनोज कुमार सिंह, एसडीएम अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा जैन, खनिज अधिकारी डॉ अजय मिश्रा सहित जिला नगरीय प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पौधों की देखरेख का लिया संकल्प
पौधारोपण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने फलदार और छायादार पौधे रोपे। साथ ही पौधों को केवल रोपने तक सीमित न रखते हुए उनके नियमित सिंचाई एवं देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। ट्रेन्चिंग ग्राउंड जैसे अपशिष्ट प्रबंधन वाले क्षेत्र में पौधारोपण को परिसर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
‘पेड़ हमारी सांसों का आधार’ : विधायक
विधायक श्री अनिल जैन ने कहा कि पेड़ केवल धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि हमारी सांसों का आधार हैं। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी लेना भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधारोपण करने तथा आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।
विशेष अवसरों पर पौधा लगाने की अपील
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
कार्यक्रम में नगर पालिका, राजस्व, पुलिस एवं जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।