त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव: तीन पदों के लिए 8 प्रत्याशी मैदान में

निवाड़ी। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत जनपद पंचायत निवाड़ी के वार्ड क्रमांक 18 में सदस्य पद तथा ग्राम पंचायत ढिमरपुरा एवं गुर्जरा खुर्द में सरपंच पद के लिए निर्वाचन कराया जा रहा है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया, जिसके चलते तीनों पदों पर कुल आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर से 15 सितंबर तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए। अंतिम तिथि तक जनपद पंचायत निवाड़ी के वार्ड क्रमांक 18 में सदस्य पद के लिए दो, ग्राम पंचायत ढिमरपुरा में सरपंच पद के लिए चार तथा ओरछा तहसील की ग्राम पंचायत गुर्जरा खुर्द में सरपंच पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
नाम वापसी की निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों द्वारा प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। गुर्जरा खुर्द में सरपंच पद के लिए प्रीति यादव एवं मुसीबत सिंह, जबकि ढिमरपुरा में राजीव कुमार केवट, रामनरेश केवट, अखिलेश रैकवार एवं अशोक कुशवाहा चुनावी मैदान में हैं।
इसी प्रकार जनपद पंचायत निवाड़ी के वार्ड क्रमांक 18 में स्वर्गीय लाखन सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई सदस्य पद की सीट पर श्रीमती सुधा यादव एवं जयराम यादव के बीच मुकाबला होगा।
अब 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।