



निवाड़ी। आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक, छतरपुर रेंज छतरपुर श्री विजय कुमार खत्री ने शनिवार को जिला निवाड़ी में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी श्री खत्री ने गणेश विसर्जन के लिए निर्धारित प्रमुख नदी एवं तालाब घाटों का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती एवं ड्यूटी व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता से कार्य करे।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. राय सिंह नरवरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित वर्मा, एसडीओपी पृथ्वीपुर श्री संजीव तिवारी, थाना प्रभारी पृथ्वीपुर, थाना प्रभारी निवाड़ी सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डीआईजी ने अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं।

